
तुर्की के अंताल्या में 9 से 20 नवंबर 2026 तक आयोजित संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन ( कोप 31) का मुख्य ध्यान वादों को जमीनी अमल में बदलने का रहा। मेजबान तुर्की ने 2035 तक दुनिया की कुल ऊर्जा जरूरतों का 35% हिस्सा बिजली से पूरा करने का प्रस्ताव रखा है, ताकि जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता घटे। पिछले सम्मेलन में शुरू किए गए वन संरक्षण कोष को आगे बढ़ाने और राजनीतिक समर्थन मजबूत करने पर जोर दिया गया है।आगे के लिए हरित उद्योग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), जैव विविधता, समुद्री संरक्षण, विज्ञान और युवा भागीदारी को नीतिगत क्रियान्वयन से जोड़ना आगे की प्रमुख दिशा है।सम्मेलन में भारत ने 1.5 डिग्री तापमान वृद्धि को पार करने की संभावना से पैदा हो रही चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए जोर दिया कि जलवायु परिवर्तन से निपटने के सामूहिक प्रयासों में कोई भी पीछे न छूटे, यह सुनिश्चित करने के लिए समानता अत्यंत आवश्यक हो गई है। भारत ने वैश्विक जलवायु कार्रवाई में अपना उचित योगदान देने के साथ-साथ अपने लोगों के विकास और कल्याण को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
भारत ने यह भी कहा कि ‘न्यायसंगत बदलाव’ और अनुकूलन संबंधी जरूरतों को पूरा करना एक बड़ी चुनौती है, खासकर विकासशील देशों के लिए, जहां ये मुद्दे विकास की चुनौती के साथ गहराई से जुड़े हुए हैं।जलवायु वित्त के मामले में, भारत ने जोर दिया कि विकासशील देशों में जलवायु कार्रवाई को बढ़ावा देने और उनकी कमजोरियों को दूर करने के लिए अनुकूलन वित्त को मजबूत करने में विकसित देशों से मिलने वाला सार्वजनिक वित्त केंद्रीय भूमिका निभाता है। भारत ने पेरिस समझौते के अनुच्छेद 9.1 के महत्व को रेखांकित किया, जो विकसित देशों के लिए यह दायित्व तय करता है कि वे विकासशील देशों को वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराएं। पेरिस समझौता जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए एक कानूनी रूप से बाध्यकारी अंतरराष्ट्रीय संधि है, जिसे 12 दिसंबर 2015 को फ्रांस के पेरिस में (कोप – 21) अपनाया गया और यह 4 नवंबर 2016 को लागू हुआ। इसका मुख्य लक्ष्य वैश्विक औसत तापमान में वृद्धि को पूर्व-औद्योगिक स्तर से 2°C से काफी नीचे रखना और इसे 1.5°C तक सीमित करने का प्रयास करना है।इस समझौते में 194 देश और यूरोपीय संघ (कुल 195 पक्षकार) शामिल हैं। 4 नवंबर 2026 को इस समझौते के लागू होने के 10 वर्ष पूरे हुए हैं।यह समझौता ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन कम करने, जलवायु प्रभावों के प्रति अनुकूलन बढ़ाने और विकासशील देशों को वित्तीय व तकनीकी सहायता देने पर केंद्रित है।
कोप-31 के बाद सबसे बड़ी चुनौती वैश्विक जलवायु प्रतिबद्धताओं को ठोस नीतियों और जमीनी कार्रवाई में बदलने की होगी। इसके लिए विकसित देशों को अपनी ऐतिहासिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए विकासशील देशों को पर्याप्त, सुलभ और अतिरिक्त जलवायु वित्त उपलब्ध कराना होगा। विशेष रूप से अनुकूलन, जलवायु आपदाओं से होने वाले नुकसान और क्षति तथा तकनीकी सहयोग के लिए वित्तीय व्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है। भविष्य की जलवायु रणनीति में जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करने, सौर एवं पवन ऊर्जा जैसे नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों को प्राथमिकता देने और ऊर्जा की मांग को अधिक टिकाऊ तरीके से पूरा करने पर जोर देना होगा। इसके साथ ही ऊर्जा उत्पादन और उपभोग की ऐसी नीतियां विकसित करनी होंगी, जिनसे पर्यावरणीय नुकसान, प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों पर बढ़ता दबाव कम हो।
जलवायु परिवर्तन से निपटने की रणनीति केवल ऊर्जा क्षेत्र तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। जंगलों, नदियों, समुद्रों, जैव विविधता और स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र का संरक्षण इसका अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। आदिवासी, किसान, मछुआरे और अन्य प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर समुदायों के पारंपरिक ज्ञान, अधिकारों और भागीदारी को जलवायु नीतियों में उचित स्थान देना आवश्यक है।
इसके अलावा, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर आपदा प्रबंधन, जल संरक्षण, टिकाऊ कृषि, वन संरक्षण और आजीविका सुरक्षा की योजनाओं को मजबूत करना होगा। युवाओं, महिलाओं और प्रभावित समुदायों की सक्रिय भागीदारी के बिना जलवायु कार्रवाई प्रभावी नहीं हो सकती।
कोप-31 ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि जलवायु परिवर्तन केवल पर्यावरण का मुद्दा नहीं, बल्कि आर्थिक असमानता, सामाजिक न्याय, विकास और मानव अस्तित्व से जुड़ा गंभीर वैश्विक संकट है। पेरिस समझौते के दस वर्ष पूरे होने के बाद भी दुनिया के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए गए वादे वास्तव में कितने लागू हुए हैं।
जलवायु संकट की जिम्मेदारी सभी देशों पर समान रूप से नहीं डाली जा सकती। विकसित देशों की ऐतिहासिक भूमिका और उनके अधिक उत्सर्जन को देखते हुए उनकी वित्तीय एवं तकनीकी जिम्मेदारी भी अधिक होनी चाहिए। विकासशील देशों को विकास के अधिकार से वंचित किए बिना जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए न्यायसंगत अवसर और संसाधन उपलब्ध कराना जरूरी है।पृथ्वी का भविष्य केवल सरकारों और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों के निर्णयों पर निर्भर नहीं है, बल्कि इस बात पर भी निर्भर करता है कि विकास की हमारी वर्तमान दिशा कितनी न्यायपूर्ण, टिकाऊ और प्रकृति के अनुकूल बनती है।
राज कुमार सिन्हा | बरगी बांध विस्थापित एवं प्रभावित संघ


